Saturday, September 12, 2026
अंबाला में कांवड़ यात्रा का आखिरी दिन

अंबाला में कांवड़ यात्रा का आखिरी दिन, भोले के जयकारों से गूंजा शहर; शिविरों में उमड़ी कांवड़ियों की भीड़

कांवड़ियों के जयकारों से गूंजा अंबाला

अंबाला। सावन के पावन महीने में चल रही कांवड़ यात्रा का आज आखिरी दिन है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अंबाला से गुजर रहा हाईवे भोले के रंग में रंगा नजर आ रहा है और जगह-जगह ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं। कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए शहर में लगाए गए शिविरों में भी लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।

28 वर्षों से कांवड़ियों की सेवा कर रहा शिव कांवड़ संघ

अंबाला की अनाज मंडी में शिव कांवड़ संघ की ओर से पिछले करीब 28 वर्षों से कांवड़ शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, ठहरने, आराम करने और दवाइयों सहित विभिन्न सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। संस्था के वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि इस बार भी हजारों की संख्या में कांवड़िए शिविर में पहुंच रहे हैं और भोजन करने के बाद कुछ समय आराम कर अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं।

20 साल से कांवड़ शिविर में खाना बना रहे हलवाई

शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन तैयार करने वाले हलवाई राय साहब पिछले करीब 20 वर्षों से सेवा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में सुबह से रात करीब 11 बजे तक लगातार भोजन तैयार किया जाता है। सुबह नाश्ते में ब्रेड पकौड़ा, जबकि दोपहर और रात में कांवड़ियों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। उनका कहना है कि कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए भी श्रद्धा और सेवा का अवसर है।

कांवड़ियों ने प्रशासन और शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना की

हरिद्वार से कांवड़ लेकर अंबाला पहुंचे कांवड़ियों ने रास्ते में प्रशासन की व्यवस्थाओं और मौसम को लेकर संतोष जताया। कांवड़ियों ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से अच्छी व्यवस्था की गई है। वहीं अंबाला में लगाए गए शिविर की भी उन्होंने जमकर तारीफ की। कांवड़ियों के मुताबिक शिविर में भोजन, पानी और आराम सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान काफी राहत मिल रही है।

भोले की भक्ति में रंगा पूरा शहर

कांवड़ यात्रा के अंतिम दिन अंबाला में माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है। हाईवे से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक कांवड़ियों की मौजूदगी और भोले के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शिव भक्त हरिद्वार से लाए गंगाजल के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं और शिवालयों में जलाभिषेक के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी करेंगे।