पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर अंबाला में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मांग की कि पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पेंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले जुटे कर्मचारी
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति के सदस्य अंबाला में एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नई पेंशन नीति के खिलाफ आवाज उठाई और सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बंद होने के बाद से वे लगातार इसकी बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
नई पेंशन व्यवस्था पर उठाए सवाल
समिति के सदस्यों ने कहा कि साल 2006 में बंद की गई पुरानी पेंशन व्यवस्था को दोबारा लागू किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों और अधिकारियों को पहले की तरह पेंशन का लाभ मिल सके। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौजूदा पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के हित में नहीं है। उनका यह भी दावा है कि इस व्यवस्था से सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार से जल्द OPS बहाल करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
