अंबाला पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कैंटर लूट, भैंस चोरी और बुजुर्ग से लूटपाट के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीनों मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ महत्वपूर्ण बरामदगी भी की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
स्क्रैप से भरा कैंटर लूटने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
11 जून को स्क्रैप से भरे एक कैंटर की लूट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कैंटर उत्तर प्रदेश से मंडी गोबिंदगढ़ जा रहा था। रास्ते में चालक वाहन के टायर की जांच के लिए नीचे उतरा, तभी पीछे से आए छह बदमाशों ने उसे दबोच लिया। आरोपियों ने चालक के हाथ-पैर बांधकर स्क्रैप से भरा कैंटर लूट लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के शंभू क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
भैंस चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, एक भैंस बरामद
वहीं, अंबाला के गांव दुराना में हुई भैंस चोरी की घटना का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। CIA-1 की टीम ने आरोपी बुरहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस बरामद की है, जबकि अन्य बरामदगी के प्रयास जारी हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े: भीषण गर्मी के बीच जीरी की बुवाई में जुटे किसान, पानी की कमी से बढ़ी चिंता
बुजुर्ग से लूटपाट मामले में तीन आरोपी दबोचे
अंबाला कैंट क्षेत्र में एक बुजुर्ग से हुई लूटपाट के मामले में भी CIA-1 को सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इससे पहले भी एक महिला से लूटपाट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी साहा क्षेत्र के गांव पिलखनी के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
