चंडीगढ़: राम मंदिर चंदा चोरी के विरोध में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित स्वाभिमान यात्रा को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विज ने कहा कि जिन राजनीतिक पार्टियों के पास कोई मुद्दा नहीं होता और जिन पर जनता का विश्वास नहीं रहता, वे बार-बार नॉन इश्यू को इश्यू बनाने की कोशिश करती हैं।
अनिल विज ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में कार्रवाई हो रही है और नई कमेटी भी बनाई जा चुकी है। इसके बावजूद इस मुद्दे को लेकर यात्रा निकालने पर उन्होंने सवाल खड़े किए। विज के मुताबिक, कुछ लोग खुद को हिंदू विरोधी साबित करने का प्रमाण-पत्र लेना चाहते हैं, इसलिए इस प्रकार के मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
‘इतनी जगह चोरी होती है, वहां क्यों नहीं निकालते यात्रा?’—विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश में अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाएं होती हैं, लेकिन उन मामलों को लेकर ऐसी यात्राएं क्यों नहीं निकाली जातीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़ा मामला इसलिए उठाया जा रहा है क्योंकि यह हिंदुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है।
विज ने कहा कि हिंदुओं की आस्था पर चोट करने के लिए इस तरह के मुद्दों को बार-बार उठाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन राजनीतिक दलों के पास जनता के सामने रखने के लिए ठोस मुद्दे नहीं हैं, वे ऐसे नॉन इश्यू को मुद्दा बनाने का प्रयास करते हैं।
बाइट: अनिल विज, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार।
अरविंद केजरीवाल को फिर AAP का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर भी विज का तंज
आम आदमी पार्टी की ओर से अरविंद केजरीवाल को दोबारा राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर भी अनिल विज ने तंज कसा। विज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के जन्मदाता हैं और पार्टी जिन मुद्दों को लेकर बनी थी, उनमें उनकी प्रमुख भूमिका रही।
विज ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का जन्म झूठ के आधार पर हुआ था। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे ने जब भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था, तब उनके एजेंडे में राजनीतिक पार्टी बनाने की बात नहीं थी। विज के मुताबिक, अन्ना हजारे को देशभर से मिले समर्थन को लेकर आम आदमी पार्टी का गठन किया गया।
‘जिनके खिलाफ बोलते थे, उन्हीं कामों में शामिल हो गए’
अनिल विज ने आम आदमी पार्टी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि जिन चीजों के खिलाफ पार्टी के नेता आंदोलन के दौरान बोलते थे, बाद में उन्हीं कामों को उन्होंने अपना लिया। विज ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल से बेहतर कोई दूसरा व्यक्ति आम आदमी पार्टी के पास नहीं हो सकता, जो पार्टी के इन कामों को आगे बढ़ा सके। विज के इस बयान के बाद हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।
