Monday, July 27, 2026
बद्दी पुलिस ने 400 किलो अफीम डोडे बरामद किए

बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो अफीम डोडे की खेप बरामद; नालागढ़ में तस्कर गिरफ्तार

बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो अफीम डोडे की खेप बरामद करने का दावा किया है। पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के पास एक महिंद्रा फोर व्हीलर को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, वाहन में रखे 20 प्लास्टिक बोरों से कुल 400 किलो अफीम डोडे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से वाहन चालक राकेश कुमार, निवासी मनलोग खुर्द, तहसील रामशहर, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद की गई नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। डीएसपी बद्दी योगराज ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अवैध नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें:पत्नी के शोरूम की बिजली चालू कराने के लिए बना फर्जी SP, गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार