फरीदाबाद/बल्लभगढ़: बल्लभगढ़ की आदर्श कॉलोनी में 28 वर्षीय विवाहिता लक्ष्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मृतका के मायके पक्ष ने पति संजय और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के विरोध के चलते मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
मृतका के भाई रोहित ने बताया कि लक्ष्मी की शादी 30 अप्रैल 2012 को हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने बहन की मौत की सूचना दी।
रोहित का यह भी आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो महिला पुलिस की मौजूदगी के बिना ही शव को एंबुलेंस में ले जाने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
लक्ष्मी मूल रूप से जावा गांव की रहने वाली थी। मायके पक्ष ने पति सहित सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल हत्या के आरोप मायके पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
