भिवानी। भिवानी में भगत सिंह चौक से सिटी स्टेशन तक चल रहा पौधारोपण अभियान इस बार खास बन गया है। इस अभियान के तहत कॉमनवेल्थ विजेता खिलाड़ियों साक्षी चौधरी, प्रिया घणघस, प्रिती पंवार, सचिन सिवाच, जैस्मिन लंबोरिया, सीमा कालिरमण और यशवीर सिंह के नाम पर पौधे लगाए जा रहे हैं।
इस अनूठी पहल की शुरुआत पर्यावरण प्रेमी और पुलिस कर्मचारी लोकराम नेहरा ने की है। अभियान का उद्देश्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों को हरियाली के माध्यम से लंबे समय तक यादगार बनाना है।
पहले दिन लगाए गए 50 पौधे
अभियान के पहले दिन ट्री गार्ड सहित 50 पौधे लगाए गए। यह पौधारोपण जैस्मिन लंबोरिया के चाचा एवं कोच संदीप लंबोरिया की मौजूदगी में वरिष्ठ नागरिक सुदर्शन और कांता आहूजा दंपति के हाथों कराया गया।
हर खिलाड़ी के नाम 100-100 पौधे
लोकराम नेहरा ने बताया कि त्रिवेणी मुहिम के तहत सातों कॉमनवेल्थ विजेता खिलाड़ियों को समर्पित 100-100 पौधे लगाए जाएंगे, यानी कुल 700 पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां बढ़ेंगी, वैसे-वैसे ये पौधे भी बड़े होकर उनकी सफलता की याद दिलाते रहेंगे।
खिलाड़ियों को मिलेगा अनूठा सम्मान
जैस्मिन लंबोरिया के चाचा और कोच संदीप लंबोरिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों के सम्मान का अनूठा तरीका है। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों तक याद रहेंगी।
पर्यावरण और खेल का संदेश
एडवोकेट प्रिया लेघां और कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि भिवानी की बेटियों और खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। उनके नाम पर लगाए जा रहे पौधे जब विशाल वृक्ष बनेंगे, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल उपलब्धियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की एक प्रेरक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
