Wednesday, July 29, 2026
भिवानी जुई नहर मर्सिडीज कार

भिवानी की जुई नहर में गिरी मर्सिडीज कार, अंदर नहीं मिला कोई, जांच में जुटी पुलिस

सुबह सैर पर निकले व्यक्ति ने पुलिस को दी सूचना

भिवानी शहर की डाबर कॉलोनी के पास स्थित जुई नहर में गुरुवार सुबह एक मर्सिडीज कार गिरी मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 5 बजे सैर पर निकले शिवकुमार प्रजापति ने नहर में गाड़ी को देखा और राहगीरों की मदद से डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस, दमकल और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से नहर में गिरी कार को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कार के अंदर नहीं मिला कोई व्यक्ति

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नहर में गिरी कार चंडीगढ़ नंबर की लग्जरी मर्सिडीज है। हालांकि, सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कार के अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वाहन कौन चला रहा था और किन परिस्थितियों में यह नहर में जा गिरी।

फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर

कार को बाहर निकालने के दौरान फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि यह एक महंगी लग्जरी कार है, इसलिए इसे सावधानीपूर्वक निकाला जाए, ताकि वाहन को नुकसान न पहुंचे। बाद में कंपनी प्रतिनिधियों ने वाहन को अपने कब्जे में लेने की बात कही।

यह भी पढ़े: अंबाला के रामपुर मोड़ पर हाइड्रा क्रेन से टकराई टेंपो ट्रैवलर, 6 यात्री घायल

नहर क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

सूचना देने वाले शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि नहर के आसपास रात के समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। उनके अनुसार बुधवार, शुक्रवार और रविवार को कई लोग यहां वाहन खड़े कर बैठते हैं और नशा करने जैसी गतिविधियां भी होती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किसकी है, चालक कौन था और किन परिस्थितियों में वाहन नहर में पहुंचा।