Friday, November 20, 2026
भिवानी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ आरोपी विकास नागरिक अस्पताल में भर्ती।

भिवानी में पुलिस और हत्यारोपी के बीच मुठभेड़, विकास के पैर में लगी गोली; अस्पताल में भर्ती

भिवानी में सिवानी हत्याकांड के एक फरार आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया तो आमना-सामना मुठभेड़ में बदल गया। इस दौरान आरोपी विकास के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस अब उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ मामले में आगे की जांच कर रही है।

सिवानी हत्याकांड में फरार चल रहा था विकास

भिवानी के एसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि सिवानी में हुए हत्याकांड के मामले में एक आरोपी फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस का आरोपी विकास से आमना-सामना हो गया। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो मुठभेड़ हो गई। इस दौरान विकास के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आरोपी की पहचान गांव कालोद निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

शराब ठेके के पास अनिल पर किया गया था हमला

मामले के अनुसार, गांव कालोद निवासी विवेक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 4 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे वह गांव के अनिल के साथ शराब ठेके के नजदीक कच्चे रास्ते पर मौजूद था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंची। शिकायत के मुताबिक, गाड़ी से उतरे लोगों के हाथों में रापड़ी (गंडासी), लोहे की नोजल, लाठी-डंडे और लकड़ी की फट्टियां थीं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने आते ही अनिल और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि राजेश ने अनिल को गाड़ी से बाहर निकालकर उसके सिर और पैरों पर रापड़ी से वार किए। इसके बाद अन्य लोगों ने भी अनिल को लाठी-डंडों और दूसरे हथियारों से पीटा। शिकायतकर्ता विवेक के साथ भी मारपीट की गई और उनकी पिकअप गाड़ी में तोड़फोड़ कर शीशे तोड़ दिए गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

उपचार के दौरान हुई थी अनिल की मौत

शिकायत के मुताबिक, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घायल अनिल को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। चोटें अधिक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे हिसार के दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में थाना सिवानी प्रभारी निरीक्षक रिशाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव कालोद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान बलवान, सुनील और राजेश के रूप में हुई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में उनकी भूमिका, अन्य आरोपियों के साथ कथित संलिप्तता और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं पर पूछताछ की गई। अब फरार आरोपी विकास की गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।