Wednesday, July 29, 2026
भिवानी में युवाओं का आंदोलन

दिल्ली के बाद भिवानी में भी युवाओं का आंदोलन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग

दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के बाद अब भिवानी में भी युवाओं का आंदोलन शुरू हो गया है। भिवानी के चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क में सैकड़ों युवा एकत्रित हुए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा व्यवस्था की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। युवाओं ने हाथों में बैनर लेकर अपनी मांगें उठाईं। इस दौरान पार्क में पहुंचे लोगों ने भी आंदोलनकारी युवाओं को अपना समर्थन दिया।

धरने पर बैठे युवाओं का कहना है कि यदि यह आंदोलन पहले शुरू हुआ होता तो कई युवाओं की जान बचाई जा सकती थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि व्यवस्था में मौजूद खामियों की जवाबदेही तय करवाना है, ताकि भविष्य में किसी भी युवा को ऐसी परिस्थितियों के चलते आत्महत्या जैसा कदम न उठाना पड़े। युवाओं ने कहा कि अभी 20 युवाओं की मौत हुई है, अगर आवाज नहीं उठाई गई तो भविष्य में यह संख्या और बढ़ सकती है।

युवाओं ने कहा कि दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के बाद उनकी अंतरात्मा जागी और उन्होंने भिवानी में आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के साथ-साथ पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि यह आंदोलन अभी शुरुआत है और आने वाले समय में भिवानी में अन्याय के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद आंदोलन के कमजोर पड़ने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब भिवानी में युवाओं के जुटने से आंदोलन को नई दिशा मिलती दिखाई दे रही है। युवाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।