100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने डेहा मंडी और जोगी मंडी सहित कई बस्तियों में चलाया कांबिंग अभियान; 5 वाहन जब्त
अंबाला छावनी |पुलिस उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अंबाला छावनी सदर थाना पुलिस ने बुधवार को स्लम एरिया में ‘जबरदस्त कांबिंग’ अभियान चलाया। इस छापेमारी के दौरान इलाके की घेराबंदी कर घर-घर चेकिंग की गई, जिससे संदिग्धों और नशा तस्करों में हड़कंप मच गया।
संवेदनशील इलाकों में घर-घर तलाशी
सदर थाना प्रभारी धर्मवीर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की भारी नफरी ने क्षेत्र के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों—डेहा मंडी, जोगी मंडी, दीना की मंडी, बाल्मीकि बस्ती और खटीक मंडी में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और उनके ठिकानों की जांच की।
5 संदिग्ध वाहन कब्जे में लिए
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नशा बेचने और खरीदने वालों पर नकेल कसने के साथ-साथ वाहनों की भी जांच की। मौके पर बिना नंबर प्लेट और बिना वैध कागजात के पाए गए पाँच वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान चोरी के वाहनों की बरामदगी और आपराधिक तत्वों की पहचान के लिए चलाया गया था।
नशा तस्करों को सख्त चेतावनी
अभियान के बाद थाना प्रभारी धर्मवीर ने नशा बेचने वालों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इलाके में कोई भी नशा बेचता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें।
“इस तरह के अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे। नशा बेचने वालों की जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। हमारा लक्ष्य अंबाला छावनी को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना है।”
— धर्मवीर, सदर थाना प्रभारी, अंबाला छावनी
