लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। चार दिवसीय इस पर्व के तीसरे दिन आज शाम व्रती नदी, तालाबों और छठ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। पूजा की तैयारियों को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। फल, पूजा सामग्री और पर्व से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी हुई है।
छठ पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़
छठ पर्व को लेकर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल बनी हुई है। व्रती और परिवार के अन्य सदस्य पूजा के लिए सूप, दौरी, गन्ना, नारियल, केला, सेब, संतरा, शकरकंद और सिंघाड़ा खरीद रहे हैं। इसके साथ ही ठेकुआ बनाने के लिए आटा, गुड़ और घी सहित नए वस्त्रों की भी खरीदारी की जा रही है। फलों और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बताया कि आज शाम छठ पूजा का संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इसी को लेकर वे सुबह से ही जरूरी सामान खरीदने में जुटे हैं। खरीदारी पूरी करने के बाद लोग घर लौट रहे हैं, ताकि समय पर पूजा की तैयारियां पूरी की जा सकें।
36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं व्रती
छठ पर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है, इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। इस दौरान व्रती करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। मान्यता है कि सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करने से संतान की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है।
डूबते और उगते सूर्य को दिया जाता है अर्घ्य
छठ पर्व की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें प्रकृति और सूर्य की उपासना की जाती है। व्रती पहले डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देते हैं और अगले दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस पर्व में जाति और आर्थिक स्थिति का भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ घाट पर पहुंचकर पारंपरिक विधि से पूजा करते हैं। यही वजह है कि छठ को सामाजिक एकता और समानता का प्रतीक भी माना जाता है।
बिहार से पूरे देश और विदेशों तक पहुंची छठ की परंपरा
छठ पर्व की शुरुआत को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। इसे वैदिक परंपराओं से भी जोड़ा जाता है। बिहार को इस पर्व की प्रमुख जन्मभूमि माना जाता है। बिहार की गंगा, कोसी और सोन नदियों के तटों पर विकसित हुई यह परंपरा आज देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों में भी श्रद्धा और उत्साह से मनाई जाती है।
छठ मैया से संतान की रक्षा और मनोकामना पूर्ति की कामना
बाजार में खरीदारी करने आए पुरुषों और महिलाओं ने बताया कि छठ पर्व उनके लिए गहरी आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर वे डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा करते हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि छठ मैया उनकी मनोकामनाएं पूरी करती हैं और उनके बच्चों की रक्षा करती हैं। इसी विश्वास और श्रद्धा के साथ परिवार के लोग पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
