अंबाला में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर के दाम और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
इस मौके पर अंबाला कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम पहले ही आम लोगों की पहुंच से बाहर हो चुके हैं और अब पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
उन्होंने युवाओं के मुद्दे उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इन समस्याओं को रोकने में विफल साबित हो रही है।
वहीं शहरी विधायक निर्मल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने देश की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री मोदी को सौंपी थी, लेकिन आज देश की जनता खुद को परेशान महसूस कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि “हम तो फकीर हैं, झोला उठाकर चल देंगे” जैसी बातें अब जनता को याद आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।
