Wednesday, July 29, 2026
दिल्ली कूच किसान आंदोलन

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच, शाहाबाद में पुलिस ने रोकी किसानों की बस

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सोमवार सुबह पंजाब और अंबाला से दिल्ली की ओर जा रहे किसानों को शाहाबाद मारकंडा और ज्योतिसर क्षेत्र में बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया।

बस रोककर किसानों को लिया हिरासत में

पुलिस ने ज्योतिसर चौकी के पास किसानों से भरी एक निजी बस को रोक लिया। बस में सवार करीब 30 किसानों को नीचे उतारकर हिरासत में लिया गया और उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया। हिरासत में लिए गए किसानों में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच भी शामिल हैं।

किसानों का दावा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए जा रहे थे दिल्ली

किसानों का कहना है कि उनका उद्देश्य भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करना है। उनका दावा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन रास्ते में ही उन्हें रोक दिया गया।

‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत दिल्ली मार्च

भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने बताया कि 30 जून को चंडीगढ़ में ‘देश बचाओ मोर्चा’ का गठन किया गया था। उसी निर्णय के तहत किसान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध और कॉमन मिनिमम प्रोग्राम की मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को रोकने के लिए किसान नेताओं को लगातार हिरासत में ले रही है।

एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई

किसानों के अनुसार, रविवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी और संगठन के प्रवक्ता राकेश बैंस को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। उनकी रिहाई की मांग को लेकर किसानों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।

पूरे जिले में पुलिस अलर्ट

दिल्ली कूच को देखते हुए कुरुक्षेत्र पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। शाहाबाद, पिपली, ज्योतिसर, पिहोवा, लाडवा समेत कई प्रमुख मार्गों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। वाहनों की लगातार जांच की जा रही है और दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

पुलिस की निगरानी जारी

फिलहाल हिरासत में लिए गए किसानों को पुलिस लाइन में रखा गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: Yamunanagar News: 26 जुलाई को होगी ‘नशा छोड़ो, जिंदगी से जोड़ो’ मैराथन