कुरुक्षेत्र ,5 जून। भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के पदाधिकारियों ने बुधवार को कुरुक्षेत्र के बीआर चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के पुतले की आंखों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
यूनियन के पदाधिकारी संजीव आलमपुर और दिलबाग सिंह ने बताया कि बीते दिनों उन्होंने कुरुक्षेत्र की एक राइस मिल में गेहूं के कट्टों पर पानी डाले जाने का मामला उठाया था। इस मामले की जांच के लिए प्रशासन द्वारा एक कमेटी का गठन किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के बाद केवल खाद्य एवं पूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अंकुर जांगड़ा को जिला प्रशासन द्वारा निलंबित किया गया, जबकि इस प्रकरण में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
किसान नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सभी अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन भविष्य में भी आंदोलन और प्रदर्शन जारी रखेगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में पारदर्शी कार्रवाई की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
