भिवानी
HKRN में नौकरी की वायरल VIDEO पर दिग्विजय का जवाब, चौटाला बोले- रजिस्ट्रेशन करवाना गुनाह तो 100 बार करूंगा, चश्मे वालों को नींद नहीं आ रही
भिवानी पहुंचे जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने एचकेआरएन में नौकरी लगाने की वायरल वीडियो का जवाब देते हुए कहा कि एचकेआरएन का पोर्टल पिछली सरकार में हम लेकर आए थे। उस समय दो पॉलिसी बनाई गई थी, एक डायरेक्ट भर्ती और दूसरा अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को समायोजित करना। बहुत से एक साथी जो समायोजित नहीं हो पा रहे। उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा, जो सालों से कच्चे कर्मचारी लगे हुए हैं। उनके लिए टेलीफान करके उनका रजिस्ट्रेशन करवाना कोई गुनाह है क्या।
दिग्विजय ने कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा मैं अधिकारियों को फोन करूं और उनके अनुरोध करूं। किसी से गाली देकर बात कि क्या। मैंने रिक्वेस्ट की कि इसका एचकेआरएन में करवा दें, यह आपके यहां नौकरी लगा हुआ है। इसमें क्या गुनाह है। इन चश्मे वालों को नींद नहीं आ रही, काम हो रहे हैं हमारे। हमारे कहने से काम होते हैं, गाली देने से काम नहीं होते। आप एसपी लेवल के अधिकारी को भद्दी गालियां निकालोंगे तो क्या काम होंगे। इनको व कांग्रेसियों को खाना हजम नहीं हो रहा।
रजिस्ट्रेशन करवाना गुनाह तो 100 बार करूंगा-चौटाला
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अगर एचकेआरएन में रजिस्ट्रेशन करवाना गुनाह है तो यह गुनाह में 100 बार करूंगा। किसी को दर्द हो तो अच्छे डॉक्टर को दिखाकर दवाई ले लें। मेरे पास ईलाज नहीं हैं। ये लोग मेंटली हासिये पर जा चुके हैं। इनेलो वाले तो विशेष तौर पर। कल से कह रहे हैं कि नौकरी लगनी है तो इनसे संपर्क करें। करो जी, हम तो प्रयास करेंगे तुम्हारे लिए। क्या कौशिश करना गुनाह है। जिस प्रदेश में युवा आबादी बेरोजगार है, उसके लिए प्रयास करना कोई गुना है। मेरे पिता और मेरे दादा इस काम के लिए 10-10 साल की कैद काट आए। उनकी पार्टी को अपनी पार्टी बताने वाले लोग आज मुझ पर सवाल उठा रहे हैं। जिनकी टिकटें भी तय होती हैं बीजेपी के दफ्तर से, वे मुझ पर सवाल उठा रहे हैं।
जिनको रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आ रही है तो उनकी बात उठाएंगे- दिग्विजय
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अगर पूरे हरियाणा में किसी के रजिस्ट्रेशन में, जो पहले से लगा हुआ है, उसको कोई समस्या आ रही है तो हमारे पाए आएं। हम बात करेंगे और प्रयास करेंगे। हमारे पास लोग आ रहे हैं। ये तो हमें मारकर सोए थे। 2024 में यह सोचकर सोए थे कि ये तो कभी गर्दन भी नहीं उठाएंगे। ये हमारे बैकग्राउंड को नहीं जानते। ये लोग तो एक-दो दिन निकलते हैं और फिर बिलों में घुस जाते हैं। हम लोगों में रहते हैं। जो काम करेगा उसकी चर्चा तो होगी।
वीडियो हो रहा वायरल
बता दें कि दिग्विजय चौटाला की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें दिग्विजय चौटाला फोन पर बात करते हुए दिख रहे हैं। जिसमें वे सामने वाले को कहते दिख रहे हैं कि “एक वाट्सअप किया है मैंने, इसका एचकेआरएन में करवाना था।” इस वीडियो को लेकर दिग्विजय चौटाला को ट्रोल किया जा रहा है।
