Wednesday, July 29, 2026
EPFO PF Interest Credit 2025-26

EPFO ने शुरू की PF ब्याज जमा करने की प्रक्रिया, 15 जुलाई तक खातों में दिखेगा 8.25% ब्याज

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भविष्य निधि (PF) खातों में 8.25 प्रतिशत ब्याज जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सदस्य 15 जुलाई तक अपनी EPFO पासबुक में ब्याज की अपडेटेड राशि देख सकेंगे।

मंत्री ने बताया कि EPFO के CITES (Centralized IT Enabled Services) प्लेटफॉर्म लागू होने के बाद PF खातों की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी हो गई है। अब सभी सदस्य रिकॉर्ड एक केंद्रीकृत डिजिटल डेटाबेस में उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लगभग 3.4 करोड़ सदस्य खातों में 8.25 प्रतिशत की दर से करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज स्वतः प्रोसेस किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रीय अधिकारी रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगे और ब्याज की राशि सदस्यों के खातों में जमा की जाएगी।

पहले से तेज हुई प्रक्रिया

मनसुख मांडविया ने बताया कि पहले सरकार की मंजूरी मिलने के बाद PF ब्याज जमा होने की प्रक्रिया अक्टूबर-नवंबर तक पूरी होती थी। लेकिन CITES लागू होने के बाद यह प्रक्रिया काफी तेज हो गई है और अब सदस्य कम समय में अपने खातों में ब्याज देख सकेंगे।

डिजिटल सेवाओं का मिलेगा लाभ

नई व्यवस्था के तहत EPFO सदस्य देश के किसी भी अधिकृत केंद्र से अपनी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्हें एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस, पेंशन योग्य सेवा का रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।

EPFO का कहना है कि यह नई व्यवस्था बैंकिंग सेवाओं की तरह काम करेगी, जिससे सदस्यों को किसी एक क्षेत्रीय कार्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें:  हिसार पुलिस का दमदार मॉडल चर्चा में, नशा, साइबर अपराध और अवैध कारोबार पर रिकॉर्ड कार्रवाई