फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर-58 और गांव भूपानी में ATM काटकर 11 लाख रुपये से अधिक कैश चोरी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल निकला, जिसने पूरी योजना बनाकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिलाया।
क्राइम एसीपी अमन यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपियों ने पहले ATM की रेकी की और फिर गैस कटर से मशीन काटकर कैश चोरी किया।
कांस्टेबल ने तैयार की पूरी योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल गांव अटाली का रहने वाला है। उसने पहले ATM की लोकेशन चिन्हित की और अपने साथियों को ATM काटने तथा कैश चोरी करने का तरीका सिखाया।
पुलिस के अनुसार पहली वारदात में कांस्टेबल ने पूरी प्लानिंग और ट्रेनिंग दी, जबकि दूसरी वारदात में उसके साथी खुद ही ATM काटकर कैश चोरी करने पहुंचे।
11 लाख रुपये से अधिक कैश चोरी
दोनों घटनाओं में आरोपियों ने करीब 11 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी की। पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
बिहार के रहने वाले भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में कुछ आरोपी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य जिलों या राज्यों में हुई ATM चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ATM चोरी के नेटवर्क, वारदात में इस्तेमाल उपकरणों और अन्य संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
