Friday, November 20, 2026
फरीदाबाद रोड रेज फायरिंग

फरीदाबाद में रोड रेज के बाद फायरिंग, दो युवकों को लगी गोली; आरोपी जसवंत पुलिस की हिरासत में

फरीदाबाद के खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी के पास रोड रेज को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। घटना में प्रशांत (27) और प्रिंस (23) घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

रास्ता मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

भारत कॉलोनी निवासी पीयूष के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई प्रिंस, प्रशांत और प्रशांत के साले के साथ अपनी बुआ को लेने दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। घर से करीब 100 मीटर दूर सेंट्रल बैंक के पास कई गाड़ियां खड़ी थीं, जिससे रास्ता बंद हो रहा था।

पीयूष का आरोप है कि उन्होंने वहां खड़ी ब्रेजा कार से रास्ता देने के लिए साइड मांगी। इस पर कार चालक ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी कार खड़ी कर दी। इसके बाद वह कार से बाहर निकला और गाली-गलौज करने लगा।

पिस्टल से तीन गोलियां चलाने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, विवाद के दौरान कार सवार युवक ने उन पर पिस्टल तान दी और तीन गोलियां चला दीं। इनमें से दो गोलियां प्रशांत और प्रिंस को लगीं। प्रशांत के गर्दन के पास और प्रिंस की छाती में गोली लगी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

आरोपी जसवंत को पुलिस ने किया राउंडअप

खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।