Wednesday, June 10, 2026

UJJWAL DISHA: पिंजौर में युवक की हत्या मामले में 3 घंटे के भीतर 4 आरोपी गिरफ्तार

पिंजौर, पंचकूला। पिंजौर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में पंचकूला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।

डीसीपी क्राइम ने बताया कि मृतक जितेश मनोचा पर चार आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घायल अवस्था में जितेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक माह पूर्व मृतक जितेश मनोचा और उसके पिता का आरोपी खुशदीप के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। इस संबंध में खुशदीप ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमले की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत दो विशेष टीमें गठित कीं। पिंजौर थाना पुलिस और डिटेक्टर स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप हत्या के मात्र तीन घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशदीप, मनप्रीत सिंह, रोहित मेहता और मनीष चौधरी के रूप में हुई है।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश और पुराना विवाद कारण प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड हासिल किया जाएगा।

पंचकूला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या के मामले का शीघ्र खुलासा हो गया और सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया गया।