जीरकपुर। जीरकपुर पुलिस ने खुद को CIA स्टाफ का अधिकारी बताकर सुनार को अगवा करने और लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई रकम में से 2.5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी जीरकपुर गजलप्रीत कौर ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। दो युवक एक ज्वैलरी शॉप पर पहुंचे, जबकि उनके साथ एक तीसरा व्यक्ति हथकड़ी लगाए हुए था। आरोपियों ने दुकान मालिक को बताया कि वे CIA स्टाफ से हैं और चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त के मामले में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज है।
आरोपियों ने सुनार को डराते-धमकाते हुए जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठा लिया और रास्ते में उससे कहा कि यदि वह 10 लाख रुपये दे देता है तो मामला वहीं खत्म कर दिया जाएगा। पुलिस कार्रवाई के डर से सुनार ने अपने परिवार से संपर्क कर घर से 5 लाख रुपये मंगवाए और आरोपियों को सौंप दिए। रकम लेने के बाद आरोपी उसे दुकान के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित सुनार ने तुरंत जीरकपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और गिरोह के तीनों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपियों से 2.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने अदालत से आरोपियों का तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
