Wednesday, July 29, 2026
गुरुग्राम साइबर ठगी फर्जी कॉल सेंटर

रिवॉर्ड प्वाइंट के नाम पर साइबर ठगी का पर्दाफाश, गुरुग्राम पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर से 6 आरोपियों को दबोचा

गुरुग्राम/सोहना। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट को बिल में समायोजित कराने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी सेट, फर्जी कॉलिंग स्क्रिप्ट और क्रेडिट कार्ड धारकों का डेटा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 को एक व्यक्ति को खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर फोन किया गया। आरोपी ने रिवॉर्ड प्वाइंट का लाभ दिलाने का झांसा देकर पीड़ित के खाते से 83,305 रुपये की साइबर ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद थाना साइबर अपराध पश्चिम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए फरमान, सत्य प्रकाश, नरेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, विनोद और आसिफ को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सत्य प्रकाश पीओएस एजेंट के माध्यम से सिम कार्ड उपलब्ध कराता था। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल कर आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और रिवॉर्ड प्वाइंट एडजस्ट कराने के नाम पर बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों से रकम निकाल लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 3 मोटोरोला वॉकी-टॉकी सेट, एक्सिस बैंक के नाम पर तैयार की गई फर्जी कॉलिंग स्क्रिप्ट और क्रेडिट कार्ड उपभोक्ताओं का डेटा भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें:  कुरुक्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव, पहचान के लिए जांच में जुटी रेलवे पुलिस

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों में कितनी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक अधिकारी बनकर आने वाली किसी भी संदिग्ध कॉल पर अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या कार्ड संबंधी विवरण साझा न करें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन को दें।