Wednesday, July 29, 2026
Gurugram Murder Case

गुरुग्राम में जन्मदिन पार्टी के बाद दोस्त ने की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

गुरुग्राम। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-5 स्थित अरावली जंगल में 39 वर्षीय युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जन्मदिन पार्टी के बाद हुई कहासुनी इस हत्या की वजह बनी।

मृतक की पहचान झारखंड के गुमला निवासी बंदी उरांव के रूप में हुई है। वह करीब एक माह पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आया था।

जंगल में मिला था खून से लथपथ शव

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह सेक्टर-54 स्थित अरावली जंगल में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जन्मदिन पार्टी के बाद हुआ विवाद

जांच में पता चला कि 13-14 जुलाई की रात बंदी उरांव अपने एक साथी के बेटे की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ कार में घूमने निकला।

इसी दौरान वजीराबाद ढाणी चौक के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपी उसे अरावली के जंगल में ले गए, जहां पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने 24 घंटे में तीनों आरोपियों को दबोचा

गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राम, विनय और प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है, जो आरोपी राम की बताई जा रही है।

रिमांड पर होगी पूछताछ

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को रिमांड पर लेकर हत्या के पीछे की पूरी साजिश, विवाद की असली वजह और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, अंबाला में सौंपेंगे ज्ञापन