Wednesday, July 29, 2026
हरियाणा सुपर-100 योजना

हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम में CM नायब सैनी की बड़ी घोषणाएं, बुनियाद योजना में जुड़ेंगे 25 नए केंद्र

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बुनियाद योजना के तहत प्रदेश में वर्तमान में संचालित 103 केंद्रों के साथ 25 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल सके। इसके अलावा उन्होंने कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर के लिए 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सुपर-100 योजना के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, संकल्प और प्रतिभा से यह साबित किया है कि संसाधनों की कमी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि आईआईटी-जेईई जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर इन विद्यार्थियों ने पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सुपर-100 योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि सरकारी स्कूलों के ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकें।

उन्होंने विशेष रूप से उन छात्राओं की सराहना की, जिन्होंने इस योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं और वे अन्य छात्राओं के लिए भी मिसाल बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सुपर-100 योजना से जुड़े शिक्षकों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास और सफलता का विश्वास जगाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में ऐसे प्रतिभाशाली और तकनीकी रूप से सक्षम युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा सुपर-100 योजना के विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।