शिमला/नाहन। हाटी विकास मंच (पंजीकृत), हिमाचल प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा के नेतृत्व में लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात कर हाटी समुदाय के अधिकारों, अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जे के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गिरिपार क्षेत्र के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में हाटी विकास मंच ने सांसद अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हाटी समुदाय की अनुसूचित जनजाति की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया और समुदाय के संवैधानिक अधिकारों के लिए निरंतर समर्थन प्रदान किया है।
मंच ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे पहले संसद में हाटी समुदाय की मांग को प्रभावी तरीके से उठाकर इसे राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनाया, जिससे समुदाय को संवैधानिक अधिकार मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि हाटी समुदाय को प्रदान किए गए अनुसूचित जनजाति दर्जे से संबंधित मामला वर्तमान में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के अंतरिम स्थगन आदेश के कारण बड़ी संख्या में पात्र युवाओं, विद्यार्थियों और बेरोजगारों को अनुसूचित जनजाति से मिलने वाले लाभ नहीं मिल पा रहे हैं।
मंच ने केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालयों से इस विषय में प्रभावी हस्तक्षेप कर समुदाय के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा ज्ञापन के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार के सभी विभागों में ST दर्जे का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, न्यायालय में लंबित मामले के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक विधिक और प्रशासनिक प्रयासों का समर्थन करने की मांग भी उठाई गई।
यह भी पढ़ें: अंबाला में वाहन चोर गिरफ्तार, मुलाना पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं
हाटी विकास मंच ने सोलन–राजगढ़–नौहराधार–हरिपुरधार–रोनहाट–मीनस सड़क मार्ग को प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना में शामिल करने अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की भी मांग की। साथ ही हाटी समुदाय के युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता और अन्य जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं में विशेष प्रावधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि हाटी समुदाय की न्यायोचित एवं संवैधानिक मांगों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, महासचिव डॉ. अनिल भारद्वाज, कोषाध्यक्ष एडवोकेट वी.एन. भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता बलदेव समयाल, कपिल सिंगटा, नितेश, कपिल कपूर, नीरज ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
