Wednesday, July 29, 2026
हिमाचल कांग्रेस संगठन विस्तार अभियान

हिमाचल कांग्रेस का अभियान शुरू, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बृजलाल 250 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेशभर में संगठन विस्तार अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। अभियान के पहले ही दिन कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए रामपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार भाजपा प्रत्याशी रहे बृजलाल को उनके करीब 250 समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल कराया।

राजधानी शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान का उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले एक महीने के भीतर 8 से 10 हजार लोगों को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। उनके अनुसार प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

संगड़ाह पंचायत समिति में भाजपा के अध्यक्ष बनने के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने धनबल का इस्तेमाल कर क्रॉस वोटिंग करवाई। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है, लेकिन भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की बजाय धनबल के सहारे राजनीति कर रही है।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी को मजबूत करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने बृजलाल का स्वागत करते हुए कहा कि रामपुर हमेशा कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि रामपुर क्षेत्र के कई अन्य प्रमुख चेहरे भी कांग्रेस के संपर्क में हैं और जल्द पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रामपुर क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव रखी थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भी क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद बृजलाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह पहले कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं, लेकिन बाद में भाजपा में चले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब कार्यकर्ताओं की नहीं, बल्कि नेताओं की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। बृजलाल ने कहा कि वह विक्रमादित्य सिंह के कार्यों और नेतृत्व से प्रभावित होकर कांग्रेस में लौटे हैं।