हिसार: पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर हिसार में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप भानखड़ ने घोषणा की है कि 24 जुलाई को हिसार लघु सचिवालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
प्रदीप भानखड़ ने कहा कि NEET, UPSC, JEE और NET-JRF समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। आंदोलन के आयोजकों ने अधिक से अधिक छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से 24 जुलाई को हिसार लघु सचिवालय पहुंचने की अपील की है।
