हिसार। हिसार विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल ने लगभग 46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना है।
भारत नगर में बनेगा सार्वजनिक शौचालय
विकास कार्यों के तहत भारत नगर, मिल गेट रोड स्थित क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर लगभग 25.77 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को 8 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस सार्वजनिक शौचालय के निर्माण से क्षेत्र में स्वच्छता सुविधाओं में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
ओपी जिंदल पार्क के पास होगी ग्रीन बेल्ट फेंसिंग
इसके अलावा मिल गेट रोड स्थित ओ.पी. जिंदल पार्क के समीप ग्रीन बेल्ट फेंसिंग कार्य का भी उद्घाटन किया गया। लगभग 20.52 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को 125 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस परियोजना से हरित क्षेत्र के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तेजी से हो रहे विकास कार्य: सावित्री जिंदल
इस अवसर पर विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि हिसार शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न हिस्सों में नई विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
यह भी पढ़ें: नरवाना के हरनामपुरा में गोलियों की गूंज, मामूली विवाद के बाद 5 राउंड फायर; दो घायल
शहर के गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मेयर प्रवीण पोपली, ग्रीन ग्लोबल संस्था के हरिसिंह, पार्षद जगमोन मित्तल, संजय डालमिया, मनोहर लाल वर्मा, भीम महाजन, पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप, जेई हॉर्टिकल्चर सुमित कुमार, जेई कुलदीप, डीएन सैनी, प्रवीण जैन, विनय गुप्ता, स्नेहलता निंबल, पवन सैनी, सुभाष गुर्जर, रामअवतार गर्ग, गीना नागर, कान्ता गोयल, केला शर्मा, खुशीराम गोयल, विजय सिवाच, राजेश यादव और विपिन भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
