Wednesday, July 29, 2026
Jairam Thakur on Emergency

आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर हमला, बोले- लोकतंत्र की कई बार हुई हत्या

मंडी। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने की पूर्व संध्या पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात करती है, उसी ने समय-समय पर अपने राजनीतिक हितों के लिए लोकतंत्र की निर्मम हत्या की है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 25 जून 1975 की मध्यरात्रि को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर देश में लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने कहा कि करीब 21 महीनों तक चले इस आपातकाल के दौरान नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, व्यक्तिगत आजादी और न्यायालय जाने के मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में पूरे देश को एक खुली जेल में तब्दील कर दिया गया था। विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर भी अंकुश लगाया गया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उस कठिन समय में देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में एक युवा प्रचारक के रूप में भूमिगत रहकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय साहित्य वितरण और लोकतंत्र समर्थक संदेशों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया था।

 

यह भी पढ़े: अंबाला बस स्टैंड पर लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप, जांच में निकली मॉक ड्रिल

 

जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के इतिहास को देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा के महत्व को समझा जा सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।