Wednesday, July 29, 2026
जून में नशा तस्करों पर पुलिस कार्रवाई

जून में नशा और शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 100 मामलों में 112 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा। नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत जिला पुलिस ने जून माह में नशा एवं अवैध शराब तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 100 मामलों में 112 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि जून माह में नशा तस्करों के खिलाफ 31 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 69 किलो 330 ग्राम डोडा पोस्त, 11 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त, 87 किलो 429 ग्राम गांजा, 9 किलो 251 ग्राम अफीम, 1 किलो 135 ग्राम चरस, 478.206 ग्राम हेरोइन, 60 नशीली गोलियां और 428 ग्राम नशीली गोलियों का घोल बरामद किया। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

इसी अवधि में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया। 69 मामलों में 69 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1132 बोतल देशी शराब, 225 बोतल हथकढ़ी शराब, 147 बोतल अंग्रेजी शराब, 36 बोतल बीयर और लगभग 1890 लीटर लाहण बरामद की गई।

डीएसपी ने बताया कि नशीले पदार्थों की बरामदगी से जुड़े 64 मामलों में लगभग 2 करोड़ 63 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए केस तैयार कर आईजी करनाल रेंज को भेजे गए हैं। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा।

जिला पुलिस का कहना है कि नशा एवं अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

यह भी पढ़ें: कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागा कुख्यात बदमाश शॉर्ट एनकाउंटर में दबोचा, टांग में लगी गोली