कैथल: पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक कुमार, करनाल मंडल ने कैथल पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी, क्राइम यूनिट प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी अशोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों और पुलिस चौकियों में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास कायम रखने के लिए पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, विनम्र और जिम्मेदार होना चाहिए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने और सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही नशा मुक्त अभियान को गति देने और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखने पर विशेष जोर दिया।
आईजी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग हरसंभव प्रयास करेगा, ताकि पुलिस बल बेहतर कार्य वातावरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके।
बैठक के दौरान कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें: हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम में CM नायब सैनी की बड़ी घोषणाएं, बुनियाद योजना में जुड़ेंगे 25 नए केंद्र
