कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर ₹20 हजार की रिश्वत लेने वाले एक CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता प्रदीप ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि जिला सचिवालय के सामने संचालित CSC का संचालक विकास मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने के एवज में ₹22 हजार की रिश्वत मांग रहा है। बाद में दोनों पक्षों के बीच ₹20 हजार में सौदा तय हुआ।
शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से कथित रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: अंबाला में NRMU की प्रेस कॉन्फ्रेंस: 8वें वेतन आयोग और पेंशन मुद्दे पर रखी गई कर्मचारियों की मांगें
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो जिला सचिवालय के सामने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालित करता है।
एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
