Wednesday, July 29, 2026
सजुमा गांव हेपेटाइटिस-A

कैथल के सजुमा गांव में हेपेटाइटिस-A का कहर, 10 बच्चे अस्पताल में भर्ती, अधिकारियों पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र के सजुमा गांव में हेपेटाइटिस-‘A’ के बढ़ते मामलों ने ग्रामीणों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो सप्ताह से गांव में फैले संक्रमण के बीच अब तक 10 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सोमवार को जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर टी.आर. पवार ने वाटर वर्क्स का निरीक्षण कर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के साथ तीखी बहस करते हुए कहा कि यदि समय रहते पेयजल व्यवस्था सुधारी जाती तो गांव के बच्चों को इस बीमारी का सामना नहीं करना पड़ता। ग्रामीणों ने बताया कि वाटर टैंक में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है और गांव के वाटर वर्क्स को भाखड़ा नहर से जोड़ने तथा मौजूदा कनेक्शन का आकार बढ़ाने की मांग रखी। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उधर, स्वास्थ्य विभाग भी लगातार गांव में निगरानी बनाए हुए है। कैथल की सीएमओ डॉ. किरण संधू ने बताया कि सोमवार को प्रभावित क्षेत्र से 29 नए सैंपल लिए गए हैं। वर्तमान में हेपेटाइटिस-‘A’ से पीड़ित 6 बच्चों का इलाज सरकारी अस्पताल कैथल में, जबकि 4 बच्चों का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। इसके अलावा कुछ बच्चों का इलाज घर पर भी जारी है। स्वास्थ्य और जन स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमण को नियंत्रित करने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही हैं।