Wednesday, July 29, 2026
कृष्ण बेदी भिवानी दौरा

भिवानी में मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- SIR लोकतंत्र को कर रहा मजबूत

भिवानी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने भिवानी दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को गुमराह करने का काम कर रही है और SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए चलाया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।

मंत्री कृष्ण बेदी गुरुवार को भिवानी स्थित सूर्य कवि दादा लखमीचंद आश्रम में हरियाणा कला परिषद द्वारा आयोजित पांच दिवसीय रागिनी, सांग और लोकगीत प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से आए लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने वाले कलाकारों की सराहना की।

हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ा रहे कलाकार: कृष्ण बेदी

मंत्री ने कहा कि सूर्य कवि दादा लखमीचंद ने हरियाणवी संस्कृति को नई पहचान दी थी और आज उनकी विरासत को नई पीढ़ी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों के प्रयासों से हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान देशभर में मजबूत हो रही है।

SIR पर कांग्रेस फैला रही भ्रम

कृष्ण बेदी ने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बताया कि जो लोग स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनकी पात्रता नहीं रही, उनके नाम हटाए जा रहे हैं, जबकि नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे लोकतंत्र में लोगों का विश्वास बढ़ेगा और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

राहुल गांधी के आंकड़ों पर उठाए सवाल

राहुल गांधी द्वारा देश में शिक्षा बजट और कोचिंग पर होने वाले खर्च को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता बिना तथ्यों के बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर गलत आंकड़ों के आधार पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं।

कांग्रेस में नेताओं का घुट रहा दम

मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर नेताओं को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर विपक्षी दलों के नेता लगातार भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की राजनीतिक ताकत और बढ़ेगी तथा जनता का विश्वास पार्टी के साथ बना रहेगा।

G-7 सम्मेलन में बढ़ा भारत का सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के G-7 सम्मेलन में शामिल होने पर कृष्ण बेदी ने कहा कि वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री की प्रस्तुति ने भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इससे देश का कद और सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुआ है।

यह भी पढ़ें: मुस्लिम छात्रा नाज़िया ने संस्कृत में हासिल की बड़ी सफलता, शास्त्री फाइनल ईयर में किया कॉलेज टॉप