11 में से 6 शिकायतों का मौके पर हुआ निपटारा
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 11 परिवाद रखे गए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। मंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित शेष पांच मामलों का भी जल्द समाधान किया जाएगा।
अधिकारियों को लगाई फटकार, प्रॉक्सी सिस्टम पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान विभाग प्रमुखों की बजाय अधीनस्थ कर्मचारियों को भेजे जाने पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भविष्य में कष्ट निवारण समिति की बैठकों में “प्रॉक्सी सिस्टम” नहीं चलेगा। वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने वाले मत्स्य विभाग (फिशरी डिपार्टमेंट) के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
अंसल सुशांत सिटी मामले में FIR दर्ज करने के आदेश
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अंसल सुशांत सिटी में लोगों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले में संबंधित प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके अलावा लाडवा क्षेत्र में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दो निरीक्षकों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़े: यमुनानगर में अवैध हथियारों के साथ लूट की योजना बना रहे तीन आरोपी गिरफ्तार
सहकारी समिति प्रबंधक को निलंबित करने के निर्देश
बैठक में एक सहकारी समिति प्रबंधक को जांच पूरी होने तक निलंबित करने के आदेश भी जारी किए गए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों के साथ नहीं होगी नाइंसाफी: पंवार
चनोत-हांसी के प्रदर्शनकारियों के मुद्दे पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है और प्रदर्शनकारियों के साथ किसी प्रकार की नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक रामकरण काला सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
