कुरुक्षेत्र। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भी छात्रों ने रोष मार्च निकाला। विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में लाइब्रेरी से लेकर थर्ड गेट तक मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ कथित तौर पर हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि वे दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ पूरी तरह एकजुट हैं और उनकी मांगों का समर्थन करते हैं।
छात्रों ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
