Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA@करनाल में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: डीसी कार्यालय का सहायक 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

करनाल, 15 जून। हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने करनाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसी कार्यालय की आरके शाखा में तैनात असिस्टेंट अनिल पांडे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि संबंधित कर्मचारी द्वारा गन लाइसेंस बनवाने के एवज में अवैध रूप से लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया और आरोपी को 10 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रिश्वतखोरी के प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल देखी जा रही है, वहीं विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।