पलवल। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026-27 की फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने इच्छुक किसानों से 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पलवल के सहायक तकनीकी प्रबंधक अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के तहत कई आधुनिक कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से—
- सुपर एस.एम.एस.
- हैप्पी सीडर
- पैडी स्ट्रॉ चॉपर/मल्चर
- सुपर सीडर
- रोटरी स्लेशर
- श्रब मास्टर
- राउंड बेलर
- रेक्टेंगुलर बेलर
- स्ट्रॉ रेक
- हाइड्रोलिक एम.बी. प्लो
- जीरो टिल सीड ड्रिल
- सरफेस सीडर
- क्रॉप रीपर
- ट्रैक्टर माउंट लोडर
- ट्रैक्टर ड्रॉन टेडर मशीन
पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
एक किसान को केवल एक मशीन पर मिलेगा लाभ
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक व्यक्तिगत किसान केवल एक कृषि यंत्र के लिए आवेदन कर सकता है और अनुदान का लाभ भी केवल एक ही मशीन पर मिलेगा।
10 अगस्त को होगा ऑनलाइन ड्रॉ
ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद 10 अगस्त 2026 को उपायुक्त, पलवल की अध्यक्षता में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ड्रॉ निकाला जाएगा। ड्रॉ में चयनित किसानों को 12 अगस्त 2026 तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेज सहायक कृषि अभियंता, पलवल कार्यालय में जमा कराने होंगे।
समय रहते करें आवेदन
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें और सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यहां से प्राप्त करें अधिक जानकारी
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, अलीगढ़ रोड, रविदास धर्मशाला के निकट, पलवल से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 01275-451847 दूरभाष नंबर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
