पलवल में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अपने आवास पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का सशक्त अभियान बन चुका है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों, सामाजिक सरोकारों और आम नागरिकों की प्रेरणादायक उपलब्धियों को ‘मन की बात’ के माध्यम से पूरे देश के सामने रखते हैं। इससे न केवल उन लोगों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि करोड़ों लोगों को समाज और राष्ट्र के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक संबोधन में देश के विकास, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को प्रमुखता देते हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश देता है, जबकि ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और लघु उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री समय-समय पर स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करते हैं। इसके साथ ही वे युवाओं को खेल, नवाचार, स्टार्टअप, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसी का परिणाम है कि हरियाणा आज खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के प्रत्येक एपिसोड में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियां सामने आती हैं, जो नई पीढ़ी को समाज सेवा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती हैं।
यह भी पढ़ें: भिवानी के बीरण गांव में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सांसद और विधायक आवास का घेराव
उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐतिहासिक धरोहरों, लोक कलाओं और स्थानीय भाषाओं को संरक्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, क्योंकि अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर ही भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
गौरव गौतम ने कहा कि सरकार ने सदैव देश के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए वीर जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित किए गए हैं, जो पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री गौरव गौतम ने नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक समाज और राष्ट्रहित में एक सकारात्मक कार्य करने का संकल्प ले, तो विकसित भारत का सपना जल्द साकार हो सकता है।
