पलवल जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
इसी क्रम में उपमंडल अधिकारी एवं उपमंडल निर्वाचन अधिकारी बेलिना ने विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) के साथ बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए, ताकि अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।
उपमंडल निर्वाचन अधिकारी बेलिना ने बताया कि पलवल जिले में कुल 7,07,729 मतदाता पंजीकृत हैं। इन मतदाताओं के सत्यापन के लिए 717 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से 938 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी तैनात किए गए हैं, जो इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 जुलाई 2026 तक प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) तैयार की जाएगी। जो मतदाता निर्धारित समय सीमा तक अपने फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान फॉर्म-6 और घोषणा पत्र के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़े: भिवानी में व्यापारी को रंगदारी की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
एसडीएम बेलिना ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे मतदाताओं की गणना फॉर्म भरने में हरसंभव सहायता करें और घर-घर जाकर भरे हुए फॉर्म प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी नागरिक को अभियान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह उपमंडल कार्यालय में संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है या अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
