पानीपत। समालखा थाना क्षेत्र के बुडशाम गांव के पास दिल्ली नहर बायपास रोड पर मिले दो युवकों के शवों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी साहिल मलिक ने पहले पंजाब के डेराबस्सी में अपने चाचा राहुल की गोली मारकर हत्या की और उसके बाद पानीपत लाकर शव फेंक दिया। इसी दौरान उसने अपने दोस्त अंकुश की भी गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। वहीं, सोनीपत STF ने आरोपी साहिल मलिक को गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया।
बुडशाम गांव के पास मिले थे दोनों शव
बुधवार रात करीब 10 बजे समालखा थाना क्षेत्र के बुडशाम गांव के नजदीक दिल्ली नहर बायपास रोड पर दो युवकों के शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान उग्राखेड़ी निवासी राहुल (45) और सैनी कॉलोनी निवासी अंकुश (25) के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अंकुश के परिजनों ने शुरुआत से ही उसके दोस्त साहिल पर हत्या का आरोप लगाया था।
20 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी साहिल मलिक का अपने चाचा राहुल के साथ पुराना संपत्ति विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 20 वर्ष पहले साहिल के पिता ने होम लोन लिया था, जिसे चुकाने के बाद राहुल ने परिवार को घर से बेदखल कर दिया था।
तभी से साहिल अपने चाचा से रंजिश रखता था और बदला लेने की फिराक में था।
डेराबस्सी में चाचा को मारी गोली
पुलिस के मुताबिक राहुल पंजाब के डेराबस्सी में कारोबार करता था। बुधवार को साहिल वहां उसके ऑफिस पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया।
गुस्से में साहिल ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। इस दौरान राहुल को दो गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑफिस में मौजूद सीताराम नामक व्यक्ति भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया।
हत्या के बाद आरोपी शव को घसीटते हुए अपनी गाड़ी में डालकर पानीपत ले आया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ दिए थे।
दोस्त अंकुश को भी नहीं बख्शा
पानीपत पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने दोस्त अंकुश को फोन कर मौके पर बुलाया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद साहिल ने अंकुश को भी गोली मार दी।
अंकुश एक सीमेंट एजेंसी में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत था और उसकी करीब तीन महीने पहले ही शादी हुई थी।
लोन विवाद भी बना हत्या का कारण
मृतक अंकुश के परिजनों का आरोप है कि साहिल ने अंकुश के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोन लिया था और उसी से क्रेटा कार खरीदी थी। अंकुश लगातार उससे लोन को लेकर सवाल करता था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।
परिजनों का मानना है कि इसी वजह से अंकुश को भी मौत के घाट उतारा गया।
STF ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस और STF की टीमें लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थीं। गुरुवार दोपहर सोनीपत STF ने आरोपी साहिल मलिक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
