चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सरकारी बसों की कमी को दूर करने के लिए 696 नई बसें खरीदी जाएंगी। इनमें 387 बसें Panbus और 309 बसें PRTC के बेड़े में शामिल होंगी।
चीमा ने बताया कि नई बसों के शामिल होने से पंजाब के सरकारी बस बेड़े में करीब 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। उन्होंने दावा किया कि सरकारी बसों के मामले में पंजाब पहले ही देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
GPS और ऑनलाइन टिकटिंग की सुविधा
हरपाल चीमा ने बताया कि बसों की खरीद प्रक्रिया में टाटा मोटर्स और अशोक लेलैंड ने भाग लिया था। सफल बोलीदाता अशोक लेलैंड पूरी तरह तैयार बसें उपलब्ध कराएगी। सभी बसों में GPS सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों को पारदर्शी और बेहतर सेवा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली शुरू करेगा। नई इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीनों के जरिए यात्री बस में बैठकर भी आसानी से टिकट खरीद सकेंगे।
ट्रांसपोर्ट बेड़े का होगा विस्तार
मंत्री के अनुसार, एक बस की कीमत लगभग 34.94 लाख रुपये होगी। नई बसों के शामिल होने के बाद पंजाब सरकार के पास कुल 3,546 सरकारी बसें होंगी। वर्तमान में लगभग 2,267 बसें संचालित हैं, जबकि अन्य बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा 100 नई मिनी बसें भी तैयार हैं।
भाजपा और कांग्रेस पर भी बोला हमला
पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरपाल चीमा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान किसी प्रकार की धक्का-मुक्की नहीं हुई। उन्होंने कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आरोपों को भी खारिज किया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए चीमा ने कहा कि पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान पंजाब को नुकसान पहुंचा और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यकाल का भी उल्लेख करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप दोहराए।
