Wednesday, July 29, 2026
रेवाड़ी पुलिस मुठभेड़

रेवाड़ी में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो घायल; सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। वहीं बदमाशों की फायरिंग में एक सब-इंस्पेक्टर भी गोली का निशाना बने, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार CIA धारूहेड़ा को सूचना मिली थी कि जड्थल क्षेत्र में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही CIA प्रभारी योगेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों का पीछा शुरू किया।

खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाश मोहन और गोविंद उर्फ झम्मन ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। दोनों ओर से करीब चार-चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली बदमाशों के पैरों में लगी। घायल होने के बाद दोनों को काबू कर रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

मुठभेड़ के दौरान सब-इंस्पेक्टर फखरुद्दीन को भी गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। गोली जैकेट में लगने से उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश मोहन (निवासी बोलनी) और गोविंद उर्फ झम्मन (निवासी राजस्थान) पर हत्या, लूट, फिरौती सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी 28 जून को गांव बखापुर निवासी रतिराम पर तीन राउंड फायरिंग करने के मामले में भी वांछित चल रहे थे।

रेवाड़ी के डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें: कैथल में आईजी अशोक कुमार की अपराध समीक्षा बैठक, पीड़ितों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश