CM के कार्यक्रम में गैरहाजिरी पर पहली बार बोले राव इंद्रजीत
रेवाड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में शामिल न होने को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। धारूहेड़ा नगर परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे राव इंद्रजीत ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम का आधिकारिक निमंत्रण ही नहीं मिला था। ऐसे में उनके कार्यक्रम में शामिल न होने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
‘प्रोटोकॉल का पालन नहीं हुआ’
राव इंद्रजीत ने कहा कि 30 जून को बावल स्थित कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम भारत सरकार के कृषि मंत्रालय का था। उनके अनुसार, कार्यक्रम में उन्हें और बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार को आमंत्रित किया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से दो दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनकी बातचीत हुई थी। मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल संबंधी कमी को दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद आधिकारिक निमंत्रण नहीं मिला।
कृषि मंत्रालय को लिखा पत्र
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी उचित नहीं है। उन्होंने इस संबंध में भारत सरकार के कृषि मंत्रालय को पत्र भी लिखा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को लेकर हरियाणा सरकार से उनकी कोई नाराजगी नहीं है।
बीजेपी संगठन ने मांगा जवाब
इधर, रेवाड़ी भाजपा जिला महामंत्री पंडित हिमांशु पालीवाल ने कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले कई मंडल अध्यक्षों को नोटिस जारी कर एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। इससे जिले की राजनीति में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
धारूहेड़ा शपथ ग्रहण भी बना चर्चा का विषय
सोमवार को धारूहेड़ा नगर परिषद के चेयरमैन अजय जांगड़ा और 18 पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। इस समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार और कोसली विधायक अनिल यादव मौजूद रहे। वहीं स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह मंच पर नजर नहीं आए। उनके कार्यक्रम में शामिल न होने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें: भिवानी में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, युवक को पीछे से मारी गोली
सियासी चर्चाओं का दौर जारी
बावल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और उसके बाद धारूहेड़ा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर रेवाड़ी की राजनीति में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, राव इंद्रजीत ने साफ किया है कि उनका मुद्दा केवल प्रोटोकॉल और निमंत्रण से जुड़ा है।
