Friday, June 12, 2026

UJJWAL DISHA@ कुरुक्षेत्र में दिनदहाड़े झपटमारी: बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली छीनकर फरार हुआ स्कूटी सवार, CCTV में कैद हुई वारदात

कुरुक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला शहर के अमीन रोड स्थित शीला नगर का है, जहां एक स्कूटी सवार युवक ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके कान से सोने की बाली छीन ली और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित परिवार के सदस्य मनोज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 65 वर्षीय माता निर्मला देवी सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक उनके पास आया और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगा। बुजुर्ग महिला ने उसकी मदद करने की कोशिश की और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन बताए गए नाम का कोई व्यक्ति कॉलोनी में नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि महिला ने युवक को पानी भी पिलाया, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर उन पर झपट्टा मारा और उनके एक कान से सोने की बाली खींच ली। इसके बाद वह स्कूटी पर सवार होकर तेजी से फरार हो गया।

महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और आरोपी की तस्वीर भी उपलब्ध करा दी गई है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद शीला नगर के लोगों में भय और रोष का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी के आसपास कई खाली और सुनसान प्लॉट हैं, जहां अक्सर नशेड़ियों और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने आशंका जताई है कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक भी ऐसे ही तत्वों में से हो सकता है।

कॉलोनी की महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।