Thursday, July 30, 2026
बीड़ कालवा रात्रि ठहराव कार्यक्रम

बीड़ कालवा रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पहुंचीं 25 शिकायतें, उपायुक्त ने 7 दिन में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

लाडवा के गांव बीड़ कालवा में आयोजित हुआ रात्रि ठहराव कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र। लाडवा उपमंडल के गांव बीड़ कालवा में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 25 शिकायतें और मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभागाध्यक्षों को 7 दिन में एटीआर भेजने के निर्देश

मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जिन विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनके विभागाध्यक्ष सात दिन के भीतर एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान शिविरों के माध्यम से सुनवाई कर रही सरकार

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला सचिवालय तथा उपमंडल कार्यालयों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन को लोगों के करीब लाना है।

बिजली, पीपीपी, पंचायत और कृषि विभाग से जुड़ी शिकायतें आईं सामने

रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बिजली विभाग, परिवार पहचान पत्र (PPP), पंचायत विभाग, कृषि विभाग, पुलिस विभाग और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। वहीं, अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री आवास योजना की किस्तों पर दी जानकारी

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री आवास योजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों को पहली किस्त मिल चुकी है, उनकी दूसरी और तीसरी किस्त के लिए विभाग द्वारा सिफारिश भेजी जा चुकी है। जैसे ही योजना की राशि उपलब्ध होगी, पात्र लाभार्थियों के खातों में नियमानुसार धनराशि स्थानांतरित कर दी जाएगी।

स्टेडियम तक सड़क निर्माण के दिए निर्देश

ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त ने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि गांव कालवा से स्टेडियम तक जाने वाले मार्ग को पंचायत समिति फंड से पक्का करवाया जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह कार्य बरसात के मौसम से पहले पूरा किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जन समस्याओं के समाधान को प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रात्रि ठहराव और समाधान शिविर जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निपटारा किया जाएगा।