Tuesday, June 9, 2026

UJJWAL DISHA: अभियान मैदान 2.0 के तहत यमुनानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 पुलिसकर्मियों ने की सघन छापेमारी

यमुनानगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “मैदान 2.0” के तहत यमुनानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना छप्पर क्षेत्र के गांव सारण सहित कई संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेते हुए संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली तथा नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।

अपराध शाखा-2 के प्रांगण में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन के निर्देशों पर नशे को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से “मैदान 2.0” अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

डीएसपी ने बताया कि अभियान के तहत अपराध शाखा-1, अपराध शाखा-2 तथा अन्य पुलिस टीमों ने थाना छप्पर के गांव सारण में संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस की लगभग 10 टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और कई घरों की तलाशी ली गई।

छापेमारी के दौरान सारण निवासी सुभाष के घर से 10 लाख 37 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 60 हजार रुपये की पुरानी बंद हो चुकी करेंसी, जिसमें 500 और 1000 रुपये के नोट शामिल हैं, भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जिस व्यक्ति के घर से यह राशि बरामद हुई है, वह बेरोजगार है और उसके पास आय का कोई स्पष्ट स्रोत नहीं मिला है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि संबंधित युवक नशे के कारोबार में संलिप्त है। इसी आधार पर कार्रवाई की गई और बरामद नकदी के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह राशि कहां से आई और इसका संबंध किसी अवैध गतिविधि से तो नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि वे या तो यह अवैध कारोबार छोड़ दें या फिर पुलिस उन्हें छोड़ने पर मजबूर कर देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

डीएसपी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए इसके खिलाफ जनसहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस लगातार ऐसे लोगों की पहचान कर रही है जो नशे के कारोबार में शामिल हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशा तस्करी या नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

जिला पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल देखा गया।