Thursday, July 30, 2026
वीरभद्र सिंह जयंती

वीरभद्र सिंह की जयंती पर राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि, बोले- भेदभाव से ऊपर उठकर किया प्रदेश का विकास

हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती प्रदेशभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि उनका प्रदेश और देश की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हमेशा जात-पात, क्षेत्रवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश के समान विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपना पूरा जीवन हिमाचल प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित किया।

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी नेता का छह बार मुख्यमंत्री बनना इस बात का प्रमाण है कि जनता के बीच उसकी कितनी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके पुत्र और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश की सेवा करेंगे।

यह भी पढ़े: अंबाला कपड़ा मार्केट को जलभराव से बचाने के लिए नगर निगम ने शुरू की तैयारी

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह अपने पिता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस सोच और दृष्टिकोण के साथ वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास का कार्य किया, उसी भावना के साथ वह भी प्रदेश की सेवा में जुटे हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और फल वितरण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।