Sunday, September 13, 2026
Yamunanagar Cyber Fraud

यमुनानगर में 95 लाख की साइबर ठगी, सिम स्वैप कर खाते से उड़ाई रकम

यमुनानगर। यमुनानगर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने मोबाइल सिम स्वैप कर एक कारोबारी के बैंक खाते से 95 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। मामले की जांच करते हुए साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।

साइबर अपराध पुलिस थाना के जांच अधिकारी विशाल सैनी ने बताया कि 25 मई को शिकायतकर्ता और उत्तर भारत कंपनी के संचालक निर्देश जैन का एयरटेल मोबाइल सिम अचानक बंद हो गया। इसके बाद पता चला कि उसी मोबाइल नंबर का नया सिम किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर सक्रिय कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि संबंधित मोबाइल नंबर शिकायतकर्ता के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। आरोपियों ने इसी का फायदा उठाते हुए खाते से करीब 95 लाख रुपये की राशि विभिन्न माध्यमों से निकाल ली।

मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रेल के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।

जांच अधिकारी विशाल सैनी ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शिकायतकर्ता के नाम पर जारी मोबाइल नंबर का नया सिम किसी अन्य व्यक्ति को कैसे जारी कर दिया गया। इस संबंध में एयरटेल कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

 

यह भी पढ़े: आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर हमला, बोले- लोकतंत्र की कई बार हुई हत्या

 

 

पुलिस को आशंका है कि इस साइबर ठगी में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल सिम अचानक बंद हो जाए या नेटवर्क आना बंद हो जाए, तो तुरंत अपने सेवा प्रदाता और बैंक से संपर्क करें, क्योंकि यह सिम स्वैप फ्रॉड का संकेत हो सकता है।