यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में किसानों ने पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। किसान कन्हैया चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला सचिवालय की ओर कूच किया। जिला सचिवालय पहुंचकर किसानों ने प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसान नेता संजू गुंदियाना ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थी पेपर लीक मामले को लेकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया। किसान नेता ने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
किसानों का रोष मार्च कन्हैया चौक से शुरू होकर जिला सचिवालय तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों के मार्च के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही। यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
किसानों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन के माध्यम से छात्रों की मांगों पर कार्रवाई करने और पेपर लीक से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के बाद भिवानी में भी जोर पकड़ने लगा युवाओं का आंदोलन, राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा मांग पत्र
